नीरज का 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो, फिर भी गोल्ड से चूके; श्रीलंका के रुमेश से लगातार तीसरी बार पिछड़े

लुसाने, लुसाने डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा ने 88.05m का सीजन बेस्ट थ्रो कर सिल्वर जीता। श्रीलंका के रुमेश ने 88.14m के थ्रो से गोल्ड पर कब्जा जमाया।

भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो किया, जो इस सीजन उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने 88.14 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीत लिया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 86.69 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

दूसरे प्रयास में नीरज ने किया कमाल
नीरज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 83.54 मीटर का थ्रो किया। वहीं, रुमेश ने पहले ही प्रयास में 85.99 मीटर का थ्रो करके बढ़त बना ली। दूसरे प्रयास में नीरज ने जोरदार वापसी की। उन्होंने 88.05 मीटर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल कर लिया। यह इस सीजन उनका सबसे लंबा थ्रो भी रहा। रुमेश ने अपने दूसरे प्रयास में 87.06 मीटर का थ्रो किया।

चौथा प्रयास रहा फाउल
तीसरे प्रयास में नीरज चोपड़ा 83.72 मीटर ही पहुंच सके, जबकि रुमेश ने 88.14 मीटर का शानदार थ्रो करके फिर से नंबर-1 की जगह हासिल कर ली। इसके बाद नीरज का चौथा प्रयास फाउल रहा। उन्होंने पांचवें प्रयास में थ्रो नहीं किया और छठे प्रयास में 82.15 मीटर तक ही पहुंच सके। दूसरी ओर, रुमेश ने अपने पांचवें और छठे प्रयास में फाउल किया, लेकिन उनका तीसरा प्रयास ही उन्हें गोल्ड दिलाने के लिए काफी रहा।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भी रुमेश से हारे थे नीरज
नीरज चोपड़ा ने इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। उस प्रतियोगिता में भी श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने गोल्ड जीता था। उन्होंने 89.75 मीटर का थ्रो किया था।

इंजरी से वापसी के बाद नीरज ने खुद माना था कि उनकी फिटनेस और प्रदर्शन पर इसका असर पड़ा है। हालांकि, लुसाने में 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो उनके फॉर्म में वापसी का अच्छा संकेत जरूर है।

Next Post

भारत को फंसाने के लिए स्पिन ट्रैक बनाएगा श्रीलंका? पिच को लेकर आया बड़ा अपडेट

Sat Aug 22 , 2026
कोलंबो, भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में श्रीलंका स्पिन ट्रैक बनाने का रिस्क टालकर कोलंबो SSC में गाले जैसी संतुलित पिच तैयार कर सकता है। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी की कोशिश कर रही श्रीलंकाई टीम दूसरे टेस्ट में बड़ा दांव खेलने के मूड में नहीं है। 23 […]

You May Like