
देवसर । सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 से होकर गुजरने वाला देवसर का मुख्य बाजार इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
सड़क किनारे अस्थायी कब्जों, दुकानों के बाहर फैले सामान और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग की चौड़ाई लगातार सिमटती जा रही है। इससे दिनभर यातायात प्रभावित रहता है और लोगों को लंबी जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि देवसर तहसील मुख्यालय होने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन, यात्री बसें, स्कूली वाहन, एम्बुलेंस और भारी मालवाहक गुजरते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग, पुलिस, नगर परिषद और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े विभाग संयुक्त अभियान चलाकर सड़क की वास्तविक सीमा का सीमांकन करें। जहां भी शासकीय अथवा राजमार्ग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण मिले, उसे तत्काल हटाया जाए।
