ग्वालियर: विश्व ग्लूकोमा सप्ताह जो 8 मार्च से 14 मार्च तक मनाया जा रहा है, इसके अंतर्गत आज जीआर मेडिकल कॉलेज से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आम जनता को ग्लूकोमा मतलब काला मोतिया बिंद या काला पानी के प्रति जागरूक करना है। जीडीओएस के अध्यक्ष डॉक्टर डीके शाक्य ने बताया कि इस बीमारी को दृष्टि का मौन चौर कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण प्रारंभिक अवस्था में दिखाई नहीं देते और समय पर जांच न होने पर यह स्थाई दृष्टि हानि का कारण बन सकता है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक, मेडिकल छात्र तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मी नियमित नेत्र परीक्षण और समय पर ग्लूकोमा की जांच के महत्व के बारे में आम जनता को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता ही दृष्टि बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है और ऐसी पहल से अधिक से अधिक लोगों को आंखों के नियमित जांच कराने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
