इंदौर: घर के सामने कचरा फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर पड़ोसी महिला और उसके बेटों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि विवाद के दौरान बेसबॉल बैट से सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया. पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पीड़ित अनिल माने ने पत्नी और बेटे के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़ित ने बताया कि वह शासकीय जनसंपर्क विभाग में कार्यरत हैं और 23 गुरुवार जुलाई की सुबह करीब 6 बजे घर पर मौजूद थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली आशा गायकवाड उनके घर के सामने कचरा फेंकने आई. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कचरा फेंकने को लेकर मना करने पर आशा गायकवाड़ गाली गलौज करने लगी. आवाज सुनकर जब वह घर से बाहर आए तो महिला ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. इसी दौरान उसका बड़ा बेटा संदीप गायकवाड़ वहां पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी.
पत्नी और बेटे के साथ भी की मारपीट
आरोप है कि छोटे बेटे जगदीश गायकवाड ने पास में पड़े बेसबॉल बैट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर में चोट लगने के बाद खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर गए. बीच बचाव करने पहुंचे पीड़ित के बेटे और पत्नी के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें और परिवार को जान से खत्म करने की धमकी भी दी. पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है. शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
