कट्टा और राउंड बरामद
ग्वालियर: स्विमिंग पूल में पार्टी के दौरान हुए विवाद का बदला लेने आए दो बदमाशों को झांसी रोड थाना पुलिस ने साइंस कॉलेज की बाउंड्री के पास से पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से एक कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं।दिन में बदमाशों का स्विमिंग पूल के संचालक से विवाद हो गया था, जिसके बाद संचालक ने उन्हें बेइज्जत कर पूल से बाहर निकाल दिया था। अब पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने ये हथियार कहां से खरीदे हैं, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके।
झांसी रोड थाना प्रभारी अवधेश सिंह कुशवाह ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो संदेही युवक साइंस कॉलेज की बाउंड्री वॉल के पास देखे गए हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी तो दो युवक साइंस कॉलेज की बाउंड्री के पास बैठे दिखे। पुलिस जब उनके पास पहुंची तो एक युवक भाग निकला। बैठे हुए युवक को हिरासत में लेकर उसके साथी का पीछा किया और उसे भी पकड़ लिया।
उसकी तलाशी ली तो उनके पास से एक कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद हुए। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की गई तो उनकी पहचान 25 वर्षीय मनीष पुत्र कैलाश बघेल निवासी भरतरी डबरा, 21 वर्षीय अवधेश पुत्र पंजाब सिंह बघेल निवासी गजापुर पिछोर के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में पता चला है कि बड़ागांव स्थित एक स्विमिंग पूल संचालक से दिन में उनका विवाद हुआ था।
वहां पर उनसे मारपीट कर बेइज्जती की गई थी। जिसका बदला लेने के लिए वह आए थे।दोनों बदमाशों का कहना है कि वह और अंधेरा होने का इंतजार कर रहे थे। उनको पता था कि स्विमिंग पूल का संचालक इसी रास्ते से रोज निकलता है। उसके यहां से निकलते ही वह हमला करने वाले थे। अब पुलिस इन दोनों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही पता लगा रही है कि यह कट्टा, कारतूस कहां से खरीदकर लाए हैं।
