भोपाल। शहर में गौमांस से जुड़े एक कंटेनर पकड़े जाने की घटना के बाद सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ने की चर्चाओं के बीच मुस्लिम समाज युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने आपसी सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से शनिवार को चार इमली स्थित हनुमान मंदिर की गौशाला पहुंचकर गायों को चारा खिलाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग संबंधी पोस्टर भी प्रदर्शित किए.
प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समाज युवा मंच के नेता मुजाहिद सिद्दीकी ने कहा कि भोपाल हमेशा अमन और शांति का शहर रहा है तथा गौवंश की हत्या जैसे कृत्यों में शामिल दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. उनका कहना था कि ऐसे कृत्य किसी भी धर्म का प्रतिनिधित्व नहीं करते.
मो. शावर ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय आरिफ अकील भी पहले से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग करते रहे थे. प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन पुलिस को सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की. इस दौरान शावर, साजिद, मोहम्मद शाजिद, अनवर, वीरेंद्र मिश्रा, गोलू और शाहरुख सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
मंच के नेताओं का कहना था कि गौवंश से जुड़े हिंसक कृत्यों से मुस्लिम समाज भी आहत होता है और समाज ऐसे मामलों का समर्थन नहीं करता. उन्होंने अपील की कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से दूर रहकर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखा जाए.
