
भोपाल: मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह ज़िले उज्जैन में शुक्रवार, 12 सितम्बर 2025 को कांग्रेस पार्टी अपनी किसान न्याय यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने इस रैली को भाजपा सरकार की “किसान विरोधी और जनविरोधी नीतियों” के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन करार दिया है।
इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, एआईसीसी महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित वरिष्ठ नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष और हज़ारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने ही गृह ज़िले के किसानों की व्यथा सुनने को तैयार नहीं हैं। उज्जैन के किसान कर्ज़, महंगाई और खाद संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार आंख मूंदकर बैठी है।
कांग्रेस के अनुसार, यह न्याय यात्रा केवल किसानों की समस्याओं तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं की असुरक्षा और आम जनता की उपेक्षा के खिलाफ भी संघर्ष है।
रैली में भाजपा को “वोट चोर,” “किसान विरोधी” और “बेरोजगारी की जननी” बताने वाला सशक्त संदेश दिया जाएगा।
कांग्रेस ने घोषणा की कि “मुख्यमंत्री के गृह ज़िले से उठी यह गूंज पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार की जड़ें हिला देगी। अब जनता झूठे वादों और जुमलों से नहीं बहकेगी, बल्कि न्याय और हक़ की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस के साथ खड़ी है।”
