
अनूपपुर।डिंडोरी जिले में सात दिनों तक विचरण करने के बाद चार हाथियों का समूह मंगलवार सुबह पुनः अनूपपुर जिले के अहिरगवां रेंज में पहुंच गया। जंगल में विश्राम के बाद देर रात हाथियों ने तीन गांवों में घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और अंदर रखे अनाज को खा लिया। बुधवार सुबह यह दल उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र अंतर्गत पड़री बीट के जंगल में पहुंचा। मंगलवार रात हाथियों ने कुम्हनी, शीतलपानी एवं टिटही जैतहरी गांवों में दस्तक दी। कुम्हनी निवासी सेमलाल, एकम सिंह, सुनीता सिंह, सुखसेन सिंह, शीतलपानी निवासी कोदुआ, भगत, हीराबाई, मुन्नी बाई, दान सिंह, राममनोहर, तथा टिटही जैतहरी निवासी उदय सिंह, नर्मदा सिंह, दलबीर सिंह के घरों में हाथियों ने तोड़फोड़ कर भंडारित अनाज खा लिया। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कई परिवारों ने जान बचाने के लिए अपने घर छोड़कर पड़ोसी घरों में शरण ली और पूरी रात जागते हुए बिताई। वन विभाग का हाथी गश्ती दल लगातार हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बनाए हुए है। वहीं अनूपपुर कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथियों द्वारा किए गए नुकसान का सर्वेक्षण शुरू कर दिया है और मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि ये चार हाथी 14 जून को छत्तीसगढ़ से अनूपपुर जिले में प्रवेश कर चुके हैं। तब से वे जैतहरी, अनूपपुर और पुष्पराजगढ़ तहसीलों के जंगलों में घूमते हुए, दिन में विश्राम और रात में ग्रामीण घरों में घुसकर अनाज खाने की घटनाएं कर रहे हैं। 2 जुलाई को वे डिंडोरी जिले की ओर चले गए थे और अब 7 जुलाई को दोबारा अनूपपुर में प्रवेश कर चुके हैं। हाथियों का यह दल अब शीतलपानी, टिटही जैतहरी, कुम्हनी होते हुए ठुनगुनी, धुराधर से नीचे उतरकर हथपुरा की ओर बढ़ते हुए घुनघुटी वन परिक्षेत्र के पड़री बीट के जंगल में बुधवार सुबह विश्रामरत है।
