मोदी ने एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 19 पदक जीतने पर भारतीय दल काे दी बधाई

नयी दिल्ली, 01 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 स्वर्ण सहित कुल 19 पदक जीतने पर भारतीय दल को हार्दिक बधाई दी है।

श्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर शुभकामना संदेश पोस्ट करते हुए कहा, “यह शानदार प्रदर्शन भारत के युवा खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और उत्कृष्टता का प्रतीक है। उनकी यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। आशा है कि उनकी सफलता आने वाले वर्षों में और अधिक युवा भारतीयों को खेलों को अपनाने तथा उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।”

प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।

गौरतलब है कि एशियाई अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रविवार को भारतीय महिलाओं की 4गुना400 मीटर रिले टीम ने स्वर्ण पदक जीता। भारतीय दल ने चैंपियनशिप के अंतिम दिन तीन और स्वर्ण पदक जीते, जिससे कुल स्वर्ण पदकों की संख्या10 हो गयी। भारतीय दल कुल 19 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। भारतीय टीम ने 10 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक जीत के साथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपना लौहा मनवाया। चीन इस चैंपियनशिप में 14 स्वर्ण, नौ रजत और दो कांस्य पदकों के साथ कुल 25 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा और जापान कुल 18 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

 

 

 

Next Post

ऑस्ट्रेलिया की फुटबॉल टीम फीफा विश्वकप में लगातार छठी बार लेंगी हिस्सा

Mon Jun 1 , 2026
सिडनी, 01 जून (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया की फुटबॉल टीम 11 जून से शुरु होने वाले फीफा विश्वकप 2026 में लगातार छठी बार हिस्सा लेगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम क्वालिफाइंग ग्रुप में जापान के बाद दूसरे स्थान पर रही थी। पिछली बार, कतर 2022 में,ऑस्ट्रेलिया की फुटबॉल टीम, जिसे सॉकरूज के नाम से भी […]

You May Like