
शाजापुर। धोबी चौराहा पर कोतवाली थाने के पास चल रहे पुलिया निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों को परेशानी हो रही है. सोमवार दोपहर भी सीमेंट से भरा एक पिकअप वाहन कीचड़ में धंस गया, जिससे सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब आधे घंटे बाद जेसीबी की सहायता से फंसे हुए वाहन को बाहर निकाला गया तब जाकर जाम खुला.
एबी रोड पर लंबे समय से पुलिया निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए एक अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है. लगातार पानी भरने और कीचड़ के कारण यह मार्ग खराब स्थिति में था. इसी रास्ते से गुजरते समय सीमेंट से लदी पिकअप का पहिया अचानक कीचड़ में धंस गया. जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका. वाहन के फंसते ही सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया. इसके बाद जेसीबी मशीन और राहगीरों की मदद से फंसी हुई पिकअप को बाहर निकाला गया. इसके बाद मार्ग को फिर से चालू किया गया और यातायात सामान्य हो सका. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की है.
