छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित और विस्थापित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ गांव में ही दिलाने के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। 12 अगस्त से शुरू हुए शिविरों में करौंदिया, पलकौंहा, सुकवाहा, मैनारी, कदवारा और नैगुवां में 2 हजार से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया। 543 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। शिविरों में लाड़ली बहना, पीएम आवास, पेंशन, पशु शेड, कृषि, मत्स्य, आयुष और शिक्षा सहित अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदन लेकर मौके पर कार्रवाई की गई।
नैगुवां में आयोजित शिविर में पीएम आवास के 76, लाड़ली बहना के 63, आयुष विभाग के 34 और पशु शेड के 16 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। वहीं पेंशन के 10, मुर्गी पालन के 5 और बकरी पालन के 9 आवेदनों को मौके पर स्वीकृति दी गई। 24 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ।
इसी दिन कलेक्टर मृणाल मीना ने 93 प्रभावित व्यक्तियों के लिए 3 करोड़ 52 लाख 10 हजार 83 रुपए स्वीकृत किए। इसमें खरयानी, सुकवाहा, कदवारा, नेगुवां, भोरखुवां और घुघरी के प्रभावित शामिल हैं। विगत दो सप्ताह में 254 पात्र प्रभावितों को कुल 21 करोड़ 15 लाख 58 हजार 396 रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। अभियान के तहत आगामी शिविर 24 अगस्त से 10 सितंबर तक अलग-अलग गांवों में लगाए जाएंगे।
