
छिंदवाड़ा। नगर निगम सीमा क्षेत्रान्तर्गत जलकर एवं संपत्ति कर की बकाया वसूली को गति देने तथा राजस्व संग्रहण में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से आज निगम सभाकक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी ने की। बैठक के दौरान शहर के सभी 48 वार्डों के जलकर एवं संपत्ति कर संग्रहकर्ताओं एवं राजस्व अमले की वार्डवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी ने बैठक में स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी कर संग्रहकर्ताओं को प्रतिदिन मैदानी स्तर पर उतरकर वसूली कार्य करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कर्मचारियों को घर-घर जाकर समय पर बिल वितरित करने, बड़े करदाताओं से निरंतर संपर्क स्थापित करने तथा बकाया करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुश्री कोरी ने वार्ड क्रमांक 1 से 48 तक के प्रत्येक कर संग्रहकर्ता से पृथक-पृथक चर्चा कर उनके वार्ड की राजस्व स्थिति, बकाया राशि और दैनिक वसूली का ब्योरा लिया तथा जिन वार्डों में प्रगति कम पाई गई, उन्हें कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने की सख्त हिदायत दी। बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक अमला विशेष रूप से उपस्थित रहा। समीक्षा के दौरान वरिष्ठ लिपिक राजकुमार पवार, राजस्व लिपिक पवन सोनी, राजस्व निरीक्षक साजिद खान, प्रीतम चोरिया, अमित सारवान, धर्मेंद्र माहौरे, शेखर पटेल, ऋषभ स्थापक, जलकर लिपिक दीपक नाकाडे, दरेश यदुवंशी सहित निगम के अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। सहायक आयुक्त ने अंत में पुनः दोहराया कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारी निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर हासिल करना सुनिश्चित करें।
