बेंगलुरु, 27 अक्टूबर (वार्ता) पूर्व भारतीय क्रिकेटर और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी स्पोर्ट्जएंगेज टेक्नॉलोजी में निवेश किया है।
पार्थिव पटेल अपनी क्रिकेट विशेषज्ञता का उपयोग सक्रिय रूप से स्पोर्ट्जएंगेज टीम के साथ करेंगे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल करके खेल की बेहतरी के उपाय सुझायेंगे।
पार्थिव पटेल ने कहा, ”कोच के रूप में मैंने स्वयं ये देखा है कि आंकड़े और तकनीक कैसे प्रदर्शन में सुधार कर सकते हैं। इसके जरिये कैसे प्रशिक्षण सत्रों के जरिये मैच की तैयारी बेहतर तरीके से की जा सकती है।”
स्पोर्ट्जएंगेज के सह-संस्थापक और सीईओ कुणाल अभिषेक ने इस मौके पर कहा, ”पार्थिव पटेल को संस्थान से जोड़कर हमने अपने दृष्टिकोण को पुष्ट किया है। किसी ऐसे व्यक्ति को संस्थान से जोड़ना काफी रोमांचक है जो खेल को उच्चतर स्तर पर समझता है और इस बात पर हमारे विश्वास को साझा करता है कि टेक्नोलॉजी भविष्य को कैसे आकार दे सकती है। ”

