मुख्यमंत्री साय को बस्तर गोंचा महापर्व में शामिल होने का आमंत्रण

रायपुर, 11 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उनके निवास कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री साय ने आमंत्रण के लिए आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए महापर्व के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक तुपकी चलाकर भगवान जगन्नाथ को प्रतीकात्मक सलामी दी और बस्तर की सांस्कृतिक परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) किए जाने के राज्य सरकार के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उनका कहना था कि इससे शहर में विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के सुचारु संचालन में आने वाली बाधाएं भी दूर हो गई हैं।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी परंपरा के तहत इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है। भगवान 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) पहुंचेगी, जहां महाप्रभु विराजमान होंगे।

मुलाकात के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे तथा आयोजन समिति के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

 

 

Next Post

गोविंदा के बेटे की बॉलीवुड में एंट्री, पहली फिल्म सितंबर में होगी रिलीज, सुनीता आहूजा भी निभाएंगी खास रोल

Sun Jul 12 , 2026
सुपरस्टार गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा एकता कपूर की फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं, जो इस साल सितंबर महीने में बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है। सिल्वर स्क्रीन पर अपनी बेहतरीन कॉमेडी और लाजवाब डांस से लाखों लोगों का दिल जीतने वाले बॉलीवुड […]

You May Like