
भोपाल। एमपी नगर थाने में एक तलाकशुदा महिला ने आरोपी युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कई बार उसका गर्भपात भी कराया है. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक 24 वर्षीय पीड़िता ने थाने में अपने साथ हुए दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है. पीडिता ने पुलिस को बताया कि वह मूलतः यूपी कानपुर की रहने वाली है. आरोपी युवक एक नामी बिल्डर का बेटा है. पीड़िता की शादी पूर्व में हुई थी लेकिन उसकी शादी लंबे समय तक नहीं चल पाई और पति से उसका तलाक हो गया. महिला डेढ़ साल पहले नौकरी की तलाश में भोपाल आई थी, जहाँ उसकी पहचान आरोपी रमन फूलचंदानी से हुई. रमन ने पीड़िता को अपने यहां नौकरी दी और उससे शादी करने का भरोसा भी दिला. पीड़िता का आरोप है कि रमन के झांसे में वह आ गई. आरोपी पिछले डेढ़ साल से उसके साथ कई बार गलत काम कर चुका है और तीन बार उसने पीड़िता का गर्भपात भी कराया. शादी की बात से जब आरोपी ने इंकार किया, तो पीड़िता ने थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया. पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश करने में जुटी है.
