
नयी दिल्ली, 02 मार्च (वार्ता) नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला यात्री को 1.84 किलोग्राम सोना की तस्करी करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी सीमा शुल्क अधिकारियों ने सोमवार को दी।
एक वरिष्ठ सीमा शुल्क अधिकारी ने बताया कि महिला ईटी-686 नंबर के विमान से अदीस अबाबा से नयी दिल्ली पहुंची थी। जांच के दौरान, सीमा शुल्क अधिकारियों को महिला पर संदेह हुआ और उन्होंने उसकी और उसके सामान की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान उसके बैग में छिपाकर रखा गया 1,843 ग्राम उच्च शुद्धता वाला सोना बरामद किया गया। जब्त किये गये सोने का मूल्य लगभग 2,37,05,811 रुपये आंका गया है। पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि उसने सीमा शुल्क से बचने और पकड़े जाने से बचने के लिए सोने की तस्करी की थी।
सीमा शुल्क विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 110 के अंतर्गत बरामद सोने को जब्त कर लिया है और महिला को अधिनियम की धारा 104 के अंतर्गत गिरफ्तार किया है।
