
इंदौर. आउटर रिंग रोड, ग्रीन फील्ड कॉरिडोर और इंदौर–बुधनी एवं इंदौर–मनमाड़ रेलवे लाइन से प्रभावित किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन तेज कर दिया है. किसानों और कांग्रेस पदाधिकारियों की अगुवाई में 8 दिसंबर को ग्राम कनाड़िया से किसान न्याय यात्रा व ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी. रैली सुबह 10 बजे शुरू होगी.
किसानों का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस शासनकाल के दौरान लागू 2013 का भूमि अधिग्रहण कानून फिर से लागू किया जाए और मौजूदा परियोजनाओं में किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले प्रावधान खत्म हों. सांवेर क्षेत्र के किसानों ने साफ कहा है कि आउटर रिंग रोड और ग्रीन फील्ड कॉरिडोर जैसे “किसान विरोधी प्रोजेक्ट” रद्द किए जाएं. किसान नेता हंसराज मंडलोई ने बताया कि रैली का नेतृत्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल करेंगे, जबकि सांवेर विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय ‘बंटी’ राठौर इसमें अग्रणी भूमिका में रहेंगे. यात्रा कनाड़िया से शुरू होकर बेगमखेड़ी, खत्रीखेड़ी, बुराणाखेड़ी, बड़ौदा, दौलत, सेमलिया, चाऊगड़िया, छोटी खुडेल, खिमाणा और रमजानखेड़ी से होते हुए तहसील मुख्यालय खुडेल पहुंचेगी. वहां किसानों और कांग्रेस नेताओं की सभा के बाद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा. मंडलोई ने कहा कि न्याय यात्रा में प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजा देने और विवादित परियोजनाओं को निरस्त करने जैसी मांगें प्रमुखता से रखी जाएंगी. उन्होंने सभी प्रभावित किसानों से रैली में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की है.
