देहरादून- हरिद्वार रेल लाइन दोहरीकरण के लिए अश्विनी वैष्णव से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर धामी

नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड में रेल अवसंरचना को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करके देहरादून-हरिद्वार रेल लाइन के दोहरीकरण और दोनों स्टेशनों को आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित करने समेत कई परियोजना पर चर्चा की।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री के अनुरोध पर श्री वैष्णव ने देहरादून-टनकपुर साप्ताहिक ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन संचालित करने पर भी सहमति दी।

केंद्रीय मंत्री ने हरिद्वार व देहरादून रेलवे स्टेशनों को आदर्श रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किये जाने पर सहमति देते हुए कहा कि हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन दोहरीकरण के कार्य का पूर्ण व्यय भार केंद्र सरकार द्वारा वहन किये जाने के संबंध में परीक्षण कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

श्री धामी ने ने टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना में संरेखण में अल्मोड़ा और सोमेश्वर क्षेत्रों को भी जोड़ने की संभावनाओं पर विचार करने और सुरंग के साथ-साथ सड़क का प्रावधान करने का अनुरोध केंद्रीय रेल मंत्री से किया।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को पूर्णतः बंद करके इस भूमि के सभी अधिकार राज्य सरकार को हस्तांतरित किए जाने के लिए भी केन्द्रीय रेल मंत्री से अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने रेलवे स्टेशन के बंद होने के कारण यदि योग नगरी रेलवे स्टेशन पर सुव्यवस्थित संचालन के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी तो राज्य सरकार इस पर सकारात्मक विचार एवं सहयोग करेगी।

 

 

Next Post

इनरव्हील भोपाल राइज ने बुजुर्गों के चेहरे पर बिखेरी खुशियों की झिलमिल

Wed Oct 8 , 2025
भोपाल। करुणा और संवेदना का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए युवा-प्रेरित सामाजिक संस्था इनरव्हील भोपाल राइज ने ईदगाह हिल्स स्थित आसरा वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और उन्हें अपनापन तथा खुशी का अहसास कराया। इस अवसर पर वरिष्ठ गायनाकोलॉजिस्ट डॉ. छाया बुधवानी ने बुजुर्गों की स्वास्थ्य समस्याओं […]

You May Like

मनोरंजन