
भोपाल। करुणा और संवेदना का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए युवा-प्रेरित सामाजिक संस्था इनरव्हील भोपाल राइज ने ईदगाह हिल्स स्थित आसरा वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और उन्हें अपनापन तथा खुशी का अहसास कराया।
इस अवसर पर वरिष्ठ गायनाकोलॉजिस्ट डॉ. छाया बुधवानी ने बुजुर्गों की स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान किया और उन्हें विटामिन युक्त दवाइयां वितरित कीं। साथ ही, इनरव्हील भोपाल राइज़ की टीम ने वृद्धाश्रम के निवासियों को गिफ्ट हैम्पर भी भेंट किए, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान और आनंद झलक उठा।
संस्था की प्रेसिडेंट ने कहा, वृद्धाश्रम के निवासियों के साथ समय बिताना और उनके चेहरों पर खुशी देखना हमारे लिए एक भावनात्मक अनुभव था। उनके आशीर्वाद हमें समाज के लिए और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
यह पहल संगठन की समाज में सकारात्मकता और करुणा फैलाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस दौरे के माध्यम से सभी ने कृतज्ञता और समाज कल्याण के प्रति नई ऊर्जा का अनुभव किया।
