
रीवा, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार की सुबह 5 बजे एक साथ शहर के बड़े संविदाकारों एवं क्रेशर संचालक के यहा छापामार कार्यवाही शुरू की. इस कार्यवाही से जिले भर में हडकम्प मच गया है. अलग-अलग टीम सभी के यहा आय-व्यय से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है. शाम तक ईडी की कार्यवाही जारी रही.
भारी पुलिसबल के साथ सभी जगह एक साथ ईडी ने दबिश देकर कार्यवाही शुरू की. स्थानीय पुलिस को भी इसकी भनक नही लग पाई. सुबह लगभग 5 बजे ईडी ने पद्मधर कालोनी स्थित संविदाकार एवं क्रेशर संचालक के.के सोहगौरा के घर एवं कार्यालय में दबिश दी. जब लोग सो कर नही उठे उसके पहले ईडी की दबिश शुरू हो गई. के.के सोहगौरा के यहा लालता सदन में 5 से 6 सदस्यीय टीम कार्यवाही करने पहुंची. बाहर मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया जिसके कारण अन्य परिजन अंदर नही जा सके. बाहर परिजन एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यवाही के दौरान परिजनो ने अधिकारियों से पहचान पत्र दिखाने की मांग की. हालाकि ईडी की टीम ने कार्यवाही जारी रखी. इसी तरह शहर के इंदिरा नगर स्थित संविदाकार त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा के घर में ईडी की दूसरी टीम ने सुबह से कार्यवाही शुरू की. क्रय-विक्रय एवं आय-व्यय से जुड़े लेनदेन के रिकार्ड खंगाले जा रहे है. तीसरे चर्चित संविदाकार एवं भाजपा नेता राम सज्जन शुक्ला के जनता कालेज अनंदपुर स्थित निवास और कार्यालय में ईडी ने दबिश दी. शाम तक कार्यवाही जारी रही कार्यवाही पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किस अनियमितता को लेकर ईडी ने यह कार्यवाही की है. फिलहाल वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकार्ड खंगाले जा रहे है.
मैहर सीमेंट पाइप इंडस्टीज में छापा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिल्पी प्लाजा के सामने स्थित मैहर सीमेंट पाइप इंडस्ट्रीज, एसपी सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड में सुबह दबिश देकर कार्यवाही शुरू की. पुलिस के साथ पहुंची ईडी की टीम ने लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाले. संचालको को टीम के पहुंचने की भनक तक नही लगी. मैहर सीमेंट एवं एसपी सीमेंट के संचालक बड़े संविदाकार एवं कारोबारी है. आर्थिक अनियमितता से जुड़े मामले को लेकर ईडी की कार्यवाही जारी है. ईडी के अधिकारियों ने कार्यवाही को लेकर कुछ भी बताने से इनकार किया है.
