भोपाल: राजधानी की गैस एजेंसियों पर अब भीड़ में कमी देखी जा रही है. प्रशासन द्वारा सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती के चलते यह स्थिति बनी है. कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और एडीएम सुमित कुमार पाण्डे के निर्देशन में विभिन्न विभागों की 23 सदस्यीय टीम लगातार जांच कर रही है. जिला खाद्य अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था अब पटरी पर लौट रही है और बीते दो दिनों में करीब 80 प्रतिशत शिकायतों में कमी आई है.
शेष 20 प्रतिशत शिकायतों का भी त्वरित निराकरण किया जा रहा है. अवकाश के दिनों में भी इंडेन, भारत और एचपी गैस एजेंसियों को खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपूर्ति पूरी तरह सुचारु हो सके.एजेंसियों पर पहुंचे उपभोक्ताओं को कर्मचारियों ने ऑनलाइन बुकिंग करने की सलाह दी, जिससे घर-घर डिलीवरी सुनिश्चित हो सके। शहर में बुधवार को करीब 13 हजार सिलेंडरों की सप्लाई की गई, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से वितरित हुए. हालांकि कुछ उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई.
इनका कहना है
होम डिलीवरी बेहतर ढंग से हो रही है. शिकायत मिलने पर प्रशासन सिलेंडर उपलब्ध करा रहा है. कालाबाजारी रोकने के लिए अधिकारियों को जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं.
कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर
