बेगमगंज: आदिवासी गांव रमपुरा में मंगलवार शाम खेत पर गए युवक की गोली लगने से हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती तौर पर परिजनों ने इसे संदिग्ध घटना बताया था, लेकिन गहन जांच के बाद सच्चाई सामने आई।
एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव व थानाप्रभारी राजीव उइके की जांच में पता चला कि मृतक वृंदावन सिंह ठाकुर (35) अपने भाई वीरेंद्र सिंह व अन्य साथियों के साथ जंगल में खरगोश का शिकार करने गया था। इसी दौरान भरमार बंदूक से गोली चलाते समय उसकी नाल फट गई, जिससे छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भाई वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच में मनगढ़ंत कहानी उजागर हो गई। घटनास्थल से फटी नाल वाली भरमार बंदूक बरामद की गई है। पोस्टमार्टम में गोली के छर्रे लगने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शिकार के आरोप में मृतक के भाई समेत सात लोगों को हिरासत में लिया है।
