भगवान चंद्रमौलेश्वर पालकी में होंगे आरूढ़, सीएम करेंगे पूजा

उज्जैन: सावन मास की दूसरी सवारी आज सोमवार को मंदिर प्रांगण से सभा मंडप से शाम 4 बजे प्रारंभ होगी, रजत पालकी में आरूढ़ भगवान चंद्र मलेश्वर का मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पूजन करेंगे. सवारी के दौरान सीएम स्वयं भी पैदल चलते हुए बाबा महाकाल के जयकारे लगाएंगे.नवभारत से चर्चा में उज्जैन कलेक्टर और महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव विदेश यात्रा के पूर्व बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर गए थे और अब स्वदेश लौटकर आज महाकाल मंदिर पहुंच रहे है, पालकी पूजन भी करेंगे, साथ ही सीएम बाबा की सवारी में भी शामिल होंगे.

श्रावण महोत्सव की धूम
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के गौरवशाली आयोजन का 20वां अखिल भारतीय श्रावण महोत्सव संचालित किया जा रहा है. महाकाल मंदिर परिसर के त्रिवेणी संग्रहालय से लेकर महाकाल लोक तक महोत्सव की धूम है, शिव सम्भवम की प्रथम संध्या में दीप प्रज्जवलन के पश्चात कार्यक्रम के प्रारंभ में पहली प्रस्तुति गौतम काले के शास्त्रीय गायन की हुई. उसके पश्चात ग्वालियर की संस्था शिखा डांस अकादमी के समूह कथक निर्देशिका शिखा सोनी के निर्देशन में कथक नृत्य की प्रस्तुति के उपरांत समापन मुम्बई के ऋषिकेश मजुमदार के बासुरी वादन की प्रस्तुति से हुआ. ऐसी विभिन्न प्रस्तुतियां लगातार चल रही है.

सवारी में 08 जनजातीय एवं लोक नृत्य दल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशानुरूप बाबा श्री महाकालेश्वर की सवारी को भव्य स्वरुप देने के लिए प्रत्येक सवारी में नवाचार किया जा रहे हैं. इसी श्रृंखला में 8 जनजातीय कलाकारों के दल श्री महाकालेश्वर भगवान की दूसरी सवारी में सहभागिता करेगा, जिसमें अज्जू सिसौदिया के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में झाबुआ का भगोरिया नृत्य छवीलदास भावली के नेतृत्व में नाशिक महाराष्ट्र के जनजातीय सौगी मुखोटा नृत्य, बनसिंह भाई गुजरात जनजातीय राठ नृत्य, खेमराज राजस्थान का गैर-घूमरा जनजातीय नृत्य सम्मिलित है. यह सभी दल श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारी के साथ सम्पूर्ण सवारी मार्ग में अपनी प्रस्तुति देते हुए चलेंगे.

सवारी के सबंध में प्रशासक ने दी जानकारी
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने बताया कि सवारी परंपरागत मार्ग महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाडी से होती हुई रामघाट पहुंचेगी. जहां माँ क्षिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा. इसके बाद सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक खाती का मंदिर, सत्यीनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होती हुई पुनः श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी.

सवारी में कोई ना आ पाए,उसके भी होंगे दर्शन
श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारी का सजीव प्रसारण मंदिर प्रबंध समिति के फेसबुक पर व सवारी के अंत मे चलित रथ में एलईडी के माध्यम से सवारी मार्ग में दर्शन हेतु खड़े श्रद्धालुओं को सजीव दर्शन की व्यवस्था की गई है. इस चलित रथ की विशेषता यह है कि इसमें लाइव बॉक्स रहेगा, जिससे लाइव प्रसारण निर्बाध रूप से होगा. लाइव दर्शन एवं लाइव टेलीकास्ट हेतु हाईटेक चार बड़ी एलईडी वाहनों लाईव एलईडी रथ के माध्यम से फ्रीगंज क्षेत्र, दत्त अखाड़ा क्षेत्र, श्री महाकालेश्वर त्रिवेणी द्वार व उज्जैन के प्रमुख मार्गो पर भक्त लाइव प्रसारण देख सकते हैं.

तेल का कढ़ाव और भट्टी चालू न रखें
सवारी के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि कृपया सवारी मार्ग में सड़क की ओर व्यापारीगण भट्टी चालू न रखें और न ही तेल का कड़ाव रखें. दर्शनार्थी सवारी में उल्टी दिशा में न चलें और सवारी निकलने तक अपने स्थान पर खड़े रहें. दर्शनार्थी कृपया गलियों में वाहन न रखें. श्रद्धालु सवारी के दौरान सिक्के, नारियल, केले, फल आदि न फैंकें. सवारी के बीच में प्रसाद और चित्र वितरण न करें. इसके अलावा पालकी के आसपास अनावश्यक संख्या में लोग न रहें.

Next Post

मानव सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं

Mon Jul 21 , 2025
सतना:नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी के जन्म दिवस के अवसर पर रविवार को जिला अस्पताल सतना में रक्तदान तथा मरीजों के लिए फल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यमंत्री के साथ जिला अस्पताल पहुंचे उनके समर्थकों तथा टीम के सदस्यों ने रक्तदान कार्यक्रम में बढ-चढकर हिस्सा […]

You May Like