
मंडला । जनजातीय कार्य विभाग मध्यप्रदेश द्वारा जारी खेल कैलेंडर के तहत विगत दिनों शिवगढ़, जिला रतलाम में आयोजित विभागीय राज्य स्तरीय कुश्ती फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में मंडला के छह खिलाड़ियों ने गोल्ड और सिल्वर मेडल हासिल किए।
जिले की चार छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किए। विजेता छात्राओं में मंगला उइके (हायर सेकेंडरी स्कूल भरवेली), आशना धुर्वे, अश्वनी मरावी और दीपलता (कन्या शिक्षा परिसर चटूआमार) शामिल हैं। वहीं, दो छात्रों ने सिल्वर मेडल जीतकर मंडला का गौरव बढ़ाया। सिल्वर विजेताओं में शिवम नंदा और इंद्र कुमार नंदा (हायर सेकेंडरी स्कूल बिलगांव) रहे।
इन सभी खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग वंदना गुप्ता, जिला खेल प्रभारी मंगल सिंह पन्द्रे, जिला कुश्ती संघ सचिव संदीप कछवाहा, कोच संतोष धुर्वे, सतीश मरकाम और वासु सिंधिया के मार्गदर्शन में हासिल की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता
रतलाम में पदक जीतने के बाद अब ये खिलाड़ी जिला सिहोर में चल रही शालेय राज्य स्तरीय कुश्ती फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में मंडला का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
