नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया का छह साल से सेवा से बाहर रहा (ग्राउंडेड) एक विमान वीटी-एएलएल मरम्मत और कई प्रणालियों को अद्यतन बनाने के बाद एयरलाइंस के सक्रिय बेड़े में शामिल हो गया है।एयर इंडिया ने बताया कि साल 2022 में जब टाटा समूह ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी का दोबारा अधिग्रहण किया था उस समय एयरलाइंस के बेड़े में शामिल 133 विमानों में से 30 विभिन्न कारणों से ग्राउंडेड थे। वीटी-एएलएल के नाम से पंजीकृत इस बोइंग 777-300ईआर के साथ ही सभी 30 विमान मरम्मत और जरूरी अपडेट के बाद बेड़े में शामिल हो चुके हैं।
यह विमान जुलाई 2007 में एयर इंडिया के बेड़े में शामिल हुआ था और कई सिस्टमों में खामियों के कारण फरवरी 2020 से ग्राउंडेड था। मई 2025 में इसे एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड के नागपुर स्थित एमआरओ संयंत्र में मरम्मत के लिए ले जाया गया। विमान में तीन हजार से अधिक नये कलपुर्जे लगाये गये, चार हजार से अधिक मरम्मत के कार्य पूरे किये गये और इंजन तथा ऑक्जिलरी पावर यूनिट (एपीयू) समेत कई बड़ी असेम्बलियों को बदला गया एयरकंडीशन, लैंडिंग गियर, हाइड्रॉलिक्स, ऑक्सीजन, एवियोनिक्स और इंजन सिस्टम समेत कई प्रणालियों का पूरी तरह पुनर्निर्माण किया गया।
एयरलाइंस ने बताया कि इस विमान को एयरवर्दिनेस प्रमाणपत्र मिल गया है और टेस्ट फ्लाइट भी पूरी हो चुकी है।

