
खंडवा। गुरुवार को सामने आई सनसनीखेज कार टक्कर की घटना ने शुक्रवार को नया मोड़ ले लिया। प्रारंभ में सड़क हादसा मानी जा रही इस घटना की जांच में अब चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जो कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी हुई है। गौरतलब है कि गुरुवार को बलेनो कार में सवार सौरभ अपनी मां सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मुंदी जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आई थार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में सौरभ और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
शुक्रवार को पुलिस जांच में सामने आया कि थार वाहन चला रहा आरोपी सनावद निवासी और भाजपा से जुड़ा नेता लवकुश है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पीड़ित परिवार की एक युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन युवती की शादी कहीं और तय हो जाने से वह नाराज था। इसी के चलते उसने कथित रूप से पूरे परिवार को रास्ते से हटाने की नीयत से यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
