
ब्यावरा। शुक्रवार की शाम को स्थानीय रेस्ट हाऊस जोड़ के यहां हाईवे पर हुई दर्दनाक घटना में बाईक सवार मां-बेटे का प्राणांत हो गया जबकि एक युवक एवं बालिका सहित दो लोग घायल हो गये.
देहात पुलिस के अनुसार ग्राम मोया निवासी परिजन बाईक पर सवार होकर सिविल अस्पताल जा रहे थे कि तेज रफ्तार डम्पर ने बाईक को पीछे से जोर की टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में बाईक सवार सुमित्रा बाई उम्र 25 वर्ष एवं उनका पुत्र कान्हा एक वर्ष गंभीर रुप से घायल हो गये. जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक द्वारा इन्हें मृत घोषित कर दिया गया. वहीं बाईक पर सवार अनिल वर्मा उम्र 25 वर्ष एवं एक चार वर्षीय बालिका भी घायल हो गये. जानकरी लगते ही देहात पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीणजन मौके पर पहुंचे. मां-बेटे की मौत से गहरा शोक छा गया. जानकारी के अनुसार बाईक सवार परिजन का किसी के उपचार के लिए सिविल अस्पताल जाना बताया जा रहा है.
देहात पुलिस के अनुसार अज्ञात डम्पर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है. दुर्घटना करने वाले डम्पर की तलाश करने पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है.
