
सिंगरौली । सिंगरौली एयरपोर्ट के शुभारंभ की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा घोषणा किए जाने के बाद जिले में खुशी का माहौल है। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे जिले और सीधी-सिंगरौली क्षेत्र के लिए विकास की नई उड़ान बताया है। विधायक ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ला और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का आभार जताया।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि सिंगरौली एयरपोर्ट की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने इसे जिले के लिए गौरव और बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि एयर कनेक्टिविटी शुरू होने से सिंगरौली के व्यापार, उद्योग, पर्यटन, रोजगार और निवेश को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सिंगरौली की उड़ान, विकास की नई पहचान होगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों 3 अगस्त को नई दिल्ली में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के नेतृत्व में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम सहित भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने सिंगरौली में हवाई कनेक्टिविटी की आवश्यकता और क्षेत्र के औद्योगिक महत्व को प्रधानमंत्री के सामने रखा था। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच, मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि सिंगरौली एयरपोर्ट की घोषणा संभव हुई। उन्होंने इसे क्षेत्र की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए सभी संबंधितों के प्रति आभार व्यक्त किया।
