
मंडला। नारायणगंज क्षेत्र में रविवार शाम नेशनल हाईवे-30 पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक घायल है। यह घटना ग्राम सोढर और चिरी के बीच शाम करीब 6:30 बजे हुई, जब एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान ग्राम सोढर निवासी अनिल पंद्राम और प्रदीप मलगाम के रूप में हुई है।
घायल युवक धर्मेंद्र मरावी निवासी सोढर है। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दो युवकों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने वाहन चालक की गिरफ्तारी और उस पर कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर दोनों ओर 2 घंटे से ज्यादा समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम लगा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई रही है।
