
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर बंदियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
इंदौर. राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केंद्रीय जेल इंदौर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित इस समारोह में जेल स्टाफ और बंदियों ने देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया.
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले केंद्रीय जेल अधीक्षक श्रीमती अलका सोनकर ने उपस्थित जेल स्टाफ, बंदी और बंदिनियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार पटेल के योगदान और उनके अथक प्रयासों पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम में केंद्रीय जेल के बंदी बैंड ने “वह सरदार हमारा है” गीत की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने सभी को देशभक्ति से सराबोर कर दिया. तत्पश्चात जेल स्टाफ और स्वयं अधीक्षक सोनकर ने भी स्मृति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं. इस आयोजन में उप जेल अधीक्षक इंद्र नागर, लढ़िया रघुवंशी, तथा वरिष्ठ परिप्रेक्षक कल्याण अधिकारी अभिषेक दांगी का विशेष समन्वय और योगदान रहा.
