सना, 17 जनवरी (वार्ता) अमेरिका की सेना ने शुक्रवार सुबह यमन के अमरान प्रांत में राजधानी सना के उत्तरी क्षेत्र में हूती सैन्य स्थल पर पांच हमले किये।
हूती की ओर से संचालित अल-मसीरा टीवी ने बताया कि उत्तरी अमरान के हर्फ़ सुफयान जिले में स्थित चौकी पर हमला किया गया।
निवासियों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने हूती सैन्य चौकी से तड़के में कई जोरदार विस्फोट सुने।
अमेरिकी सेंट्रल कमान ने अभी तक हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
गौरतलब है कि जनवरी 2024 से ही हूती सैन्य स्थल, अन्य उत्तरी प्रांतों और राजधानी सना में अन्य सैन्य चौकियों के साथ, अमेरिकी हवाई हमलों का लगातार निशाना बन रहा है। ताज़ा हमले समूह के नेता अब्दुल मलिक अल-हूती की ओर से टेलीविज़न पर दिए गए भाषण के कुछ घंटों बाद हुए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर इज़रायली सेना ने घोषित गाजा युद्धविराम समझौते के कार्यान्वयन से पहले गाजा पट्टी पर छापे मारना जारी रखा तो उनका समूह इज़रायल पर लंबी दूरी के रॉकेट हमले जारी रखेगा।
