ब्यावरा: नगर में एक बार फिर पेयजल सप्लाई बाधित होने से नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है. पेयजल सप्लाई का अंतराल बढक़र 9 वें दिन पर जा पहुंचा है. ठीक त्यौहार के समय पेयजल सप्लाई का अंतराल बढऩे से नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है.जानकारी के अनुसार वर्तमान में पेयजल सप्लाई का अंतराल बढऩे के पीछे घोड़ापछाड़ इंटकवेल की विद्युत मोटर खराब होने तथा बिजली कटौती को बताया जा रहा है. 13 अक्टूबर को पुनीत टॉकीज सुठालिया रोड, पिंजारा मोहल्ला, मैन मार्केट बाजार में पेयजल सप्लाई की गई यहां इसके पूर्व 4 अक्टूबर को पेयजल सप्लाई हो सकी थी. इस तरह पेयजल सप्लाई का अंतराल बढक़र 9 वें दिन पर जा पहुंचा है.
विद्युत मोटर ठीक करने ले जा रहे भोपाल
पेयजल सप्लाई महत्वपूर्ण कार्य के प्रति कितनी गंभीरता बरती जा रही है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ब्यावरा, कुशलपुरा या फिर घोड़ापछाड़ नदी पर नपा के पेयजल सप्लाई में लगी कोई विद्युत मोटर में खराबी आ जाती है तो उसको मरम्मत के लिए भोपाल ले जाया जा रहा है, इसमें कितना समय और पेयजल सप्लाई में विलंब हो रहा है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. इससे पेयजल सप्लाई व्यवस्था और अधिक लडख़ड़ा जाती है. मोटर की मरम्मत हेतु भोपाल के ठेकेदार का कांट्रेक्ट हुआ है जिसके चलते खराब मोटरों को भोपाल सुधारने ले जाया जा रहा है.ताजा मामले में घोड़ापछाड़ नदी पर जलालपुरा स्थित इंटकवेल पर नपा की मौजूद 60-60 हॉर्स पॉवर की दोनों विद्युत मोटर 11 अक्टूबर को एकाएक फुंक गई. वहां से नगर में आने वाली पेयजल सप्लाई ठप्प हो गई.
मोटर सुधरने में लग रहा समय
नपा के अनुसार पेयजल सप्लाई के कार्य में लगी विद्युत मोटरों में खराबी आने, मैंटेनेंस कार्य का ठेका करीब दो माह पूर्व भोपाल निवासी ठेकेदार का हुआ है. कोई विद्युत मोटर में खराबी आ जाती है तो उसकी मरम्मत के लिए खराब मोटर को वाहन द्वारा भोपाल ले जाया जाता है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भोपाल आने-जाने में कितना समय लग जाता है और पेयजल सप्लाई व्यवस्था को सुचारु करने में कितना विलंब होता है.
नोटिस देने की कार्यवाई की
नपा के अनुसार संबंधित ठेकेदार को नोटिस देते हुए कहा है कि वह खराब विद्युत मोटरों को स्थानीय स्तर पर ही दुरस्त करने की व्यवस्था करें. यदि ठेकेदार द्वारा ऐसा नहीं किया जाता है तो नपा द्वारा इसको लेकर आगे की कार्यवाई की जाएगी.
