जब धरने पर बैठे बुजुर्ग की फरियाद सुनने पहुंचे कलेक्टर 

सीधी। कलेक्ट्रेट चौक स्थित अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष कड़ाके की धूप में दो घंटे धरने पर 71 वर्षीय बुजुर्ग अकेले ही बैठे रहे। आज रविवार का अवकाश होने से चहल-पहल कम थी। मीडिया की नजर बुजुर्ग पर पड़ी और जानकारी लेने पर बताया गया कि वह जमीनी विवाद से त्रस्त होकर धरने पर बैठे हुए हैं। जिससे उन्हें न्याय मिल सके। बुजुर्ग के कड़ाके की धूप में प्रतिमा के नीचे बैठकर धरना शुरू करने की जानकारी मीडिया द्वारा कलेक्टर विकास मिश्रा को दी गई। कलेक्टर जल्द ही धरना स्थल पर पहुंचे और बुजुर्ग से चर्चा कर जानकारी ली।

तहसील गोपद बनास अंतर्गत ग्राम मुगवारी पोस्ट मड़वा निवासी गया प्रसाद तिवारी उम्र 71 वर्ष ने बताया कि वह सेना में नौकरी से रिटायर के बाद पुलिस विभाग में नौकरी कर रिटायर हुए। गांव आने पर जमीनी विवाद का सामना कर रहे हैं। यहां बड़े भाई भागवत प्रसाद द्वारा जमीन को जालसाजी पूर्वक अपने नाम करा लिए थे तथा कुछ समय पश्चात कुछ जमीन बड़े भाई द्वारा अपने लडक़े के नाम छल-बल कर लिखा दिया गया। इस वजह से अन्य तीन भाइयों को एक ही पिता की संतान होते हुए एक इंच जमीन रिकार्ड में नहीं है। बाद में जमीन देने का आश्वासन बड़े भाई द्वारा दिया गया। वहीं पीडि़त गया प्रसाद का मकान अपने नाम के पट्टे की जमीन में बनवा दिया गया। मकान के सामने तकरीबन 30 ढिस्मिल जमीन बिना लिखा पढ़ी करके दे दिया। उक्त भूमि में पीडि़त बुजुर्ग द्वारा तार से बाउंड्री करके कृषि कार्य किया जाता रहा। अभी बड़े भाई के लडक़े बृजेश द्वारा इसमें भी जालसाजी कर बिक्री कर दी गई जिसके चलते पीडि़त बुजुर्ग का मकान के चारों तरफ आने-जाने का रास्ता ही नहीं बचा है।

कलेक्टर ने दी सिविल कोर्ट जाने की सलाह

कलेक्टर विकास मिश्रा दोपहर करीब 2 बजे बुजुर्ग के धरना स्थल पर पहुंचे और उनके द्वारा जमीन विवाद से संबंधित आवेदन देखने और जानकारी लेने के बाद यह सलाह दी कि इसका निराकरण कराने के लिए सिविल न्यायालय जाना पड़ेगा। उक्त जमीनी विवाद के निराकरण का अधिकार केवल सिविल न्यायालय को ही है। कलेक्टर की समझाइस के बाद बुजुर्ग द्वारा अपना धरना समाप्त किया गया।

Next Post

अच्छी बारिश और खुशहाली की कामना, चंद्रवंशी ग्वाला-गवली समाज ने निभाई वर्षों पुरानी उज्जैयनी परंपरा

Sun Jul 26 , 2026
नीमच। अच्छी वर्षा, हरियाली और समृद्धि की कामना के साथ रविवार को शहर की ग्वालटोली में श्री चंद्रवंशी ग्वाला-गवली समाज द्वारा पारंपरिक उज्जैयनी गांव बाहर रोटी कार्यक्रम श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर […]

You May Like