
छतरपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को छतरपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस लाइन से सुबह लगभग 10 बजे शुरू हुआ, जिसे पुलिस अधीक्षक अगम जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में पुलिस विभाग, खेल विभाग के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और शहर के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामुदायिक समरसता का संदेश देना रहा। इस मौके पर एसपी अगम जैन ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और डिजिटल सुरक्षा अपनाने का भी संदेश दिया।
रन फॉर यूनिटी के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ एकता और भाईचारे का माहौल बनाया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी को उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया।
पुलिस लाइन में किया गया पौधारोपण
कार्यक्रम के पश्चात पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक छतरपुर अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया।
