मुंबई, 05 मार्च (वार्ता) अडानी समूह की कंपनी अडानी टोटल गैस (एटीजीएल) ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों के लिए तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की कीमत तीन गुना कर दी है।
औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों को भेजे नोटिस में कंपनी ने एलएनजी की नयी कीमत 119 रुपये प्रति मानक घन मीटर करने की जानकारी दी है। पहले कीमत 40 रुपये रुपये प्रति मानक घन मीटर थी। कंपनी ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण आपूर्ति में कमी और बाधाओं को इसका कारण बताया है। नोटिस में कहा गया है, “हालिया भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण एलएनजी की आपूर्ति के मार्ग प्रभावित हुए हैं। इसके कारण एटीजीएल को गैस आपूर्ति में कटौती का सामना करना पड़ा है, जिससे परिचालन संबंधी बाधाएं उत्पन्न हुई हैं।”
यह नोटिस उन औद्योगिक ग्राहकों को जारी किया गया है जिनकी गैस खपत उनके अनुबंधित उपयोग सीमा से अधिक है।
कंपनी के नोटिस के अनुसार, ईरान और ओमान के बीच स्थित हर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले गैस टैंकरों का आवागमन लगभग ठप हो गया है। यह जलडमरूमध्य विश्व में खपत होने वाले लगभग पांचवें हिस्से के तेल और बड़ी मात्रा में एलएनजी के परिवहन का प्रमुख मार्ग है। युद्ध के कारण क्षेत्र में कुछ जहाजों पर मिसाइल हमले होने के बाद जहाजों की आवाजाही लगभग रुक गयी है।
एटीजीएल ने स्पष्ट किया है कि उसने अभी खुदरा ग्राहकों के लिए कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। कंपनी अपने सिटी गैस वितरण नेटवर्क के माध्यम से देशभर में 12 लाख से अधिक घरों में गैस की आपूर्ति करती है और लगभग 1,100 सीएनजी स्टेशन संचालित करती है।
इस बीच, 05 मार्च के जहाज-ट्रैकिंग के आंकड़ों के अनुसार, ईरान द्वारा हर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुद्ध करने के बाद फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले 36 जहाज फंस गये हैं। इस मार्ग से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल की आपूर्ति गुजरती है।
