
इंदौर। एमआर-10 क्षेत्र में आयोजित “रंग दे होली” कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. सूचना मिलने पर कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर पूछताछ के बाद बाणगंगा पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपना नाम सोबी फिलिप्स निवासी भोपाल बताया है. कार्यक्रम में मौजूद कुछ युवतियों के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने की शिकायत मिलने के बाद हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. संगठन के मानसिंह राजावत ने आरोप लगाया कि युवक कार्यक्रम में मौजूद लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था. कार्यकर्ताओं ने जब उससे पूछताछ की और उसका मोबाइल फोन देखा तो उसमें कथित रूप से अश्लील वीडियो और कई लड़कियों के साथ आपत्तिजनक चैट मिलने का दावा किया. कार्यकर्ताओं का यह भी आरोप है कि युवक सोशल मीडिया पर हिंदू नाम बताकर लड़कियों से दोस्ती करता था और उनसे बातचीत करता था. इस बात को लेकर मौके पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी रही. बाद में कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर बाणगंगा पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके मोबाइल फोन की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है.
