सिंगरौली : जिले के मोरवा शहर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित गायत्री मंदिर रोड की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के आवास के ठीक सामने की सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के समय सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है। जैसे ही कोई दोपहिया या चारपहिया वाहन वहां से गुजरता है, गंदा पानी पैदल चल रहे लोगों पर उछल जाता है। इससे राहगीरों को रोजाना असुविधा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन आदर्श गंगा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेंट मैरी स्कूल, द हेरिटेज स्कूल और लिटिल फ्लावर स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी आवागमन करते हैं।
जलभराव और गड्ढों के कारण बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के विस्थापन की प्रक्रिया पूरी होने में अभी कई वर्ष लग सकते हैं। ऐसे में जब तक लोग यहां निवास कर रहे हैं, तब तक सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लोगों की इस परेशानी पर जिम्मेदार अधिकारी कब ध्यान देंगे ? क्या गायत्री मंदिर रोड की बदहाल सड़क का निर्माण होगा या फिर बारिश के हर मौसम में लोगों को इसी तरह गड्ढों और जलभराव के बीच जीवन बिताने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।
