नरसिंहपुर: जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मगरधा चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सीआरपीएफ की 7वीं बटालियन के वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य जवानों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्टेशनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, सीआरपीएफ का वाहन (क्रमांक एमपी 50 टी 8474) बालाघाट से भोपाल की ओर जा रहा था। वाहन में कुल 10 जवान सवार थे, जिनमें चार आगे और छह पीछे बैठे थे। मगरधा चौराहे के पास पीछे से आ रहे कंटेनर (क्रमांक एमएच 40 बीजी 6607) ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सीआरपीएफ का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और पीछे बैठे जवान घायल हो गए।
दो जवानों को गंभीर चोटें
हादसे में आरक्षक रोनीन (35), पिता एम. रामन शानीन, निवासी कन्याकुमारी (तमिलनाडु) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वे सीआरपीएफ की 7वीं बटालियन, बालाघाट में पदस्थ हैं। उनके जबड़े में फ्रैक्चर और दाहिने कंधे में गंभीर चोट आई है। वहीं आरक्षक जयपाल वैद्य (46), पिता गोदरू वैद्य, निवासी भंडारा (महाराष्ट्र) के दाहिने घुटने में फ्रैक्चर हुआ है। उनके दाहिने कंधे, कोहनी और बाएं हाथ की कलाई में भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में घायल अन्य तीन जवानों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
कंटेनर चालक पर मामला दर्ज
स्टेशनगंज पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर रही है।
