
गंजबासौदा: विदिशा जिले के गंजबासौदा में वार्ड 6 के गायत्री नगर में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 65 वर्षीय प्रभुलाल गुप्ता की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक वे घर की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे और गुटखा थूकते समय लाइन की चपेट में आ गए। छतरपुर के रहने वाले प्रभुलाल मिस्त्री का काम करते थे और 10 साल से किराए के मकान में रह रहे थे। पार्षद मनीष विश्वकर्मा और मकान मालकिन पदमा चिढ़ार ने बताया कि मकानों के पास से गुजर रही इस लाइन को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद लाइन नहीं हटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
