
पांढुरना, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित ने पांढुर्ना गोदाम प्रभारी रहे क्षेत्र सहायक श्री मनोज कुमार टेपे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। संघ के सचिव एमके दीक्षित द्वारा 22.07.2026 को जारी पत्र क्रमांक 2685 में जिला विपणन अधिकारी छिंदवाड़ा को यह निर्देश भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार श्री टेपे द्वारा गोदाम प्रभारी पांढुर्ना के पद पर पदस्थ रहते हुए 16.06.2026 से 02.07.2026 के बीच 118 किसानों को MOP उर्वरक प्रति बोरी निर्धारित दर 1800 रुपये के स्थान पर 1975 रुपये में बेचा गया। इस तरह किसानों से अतिरिक्त 38,850 रुपये वसूल कर विपणन संघ के खाते में जमा नहीं किए गए।
जांच में यह भी पाया गया कि उक्त अवधि का उर्वरक विक्रय बिल/कैश मेमो जारी नहीं किया गया। कलेक्टर छिंदवाड़ा के पत्र और संघ की जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर श्री टेपे को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए 22.07.2026 के आदेश से उन्हें मुख्यालय मंडल कार्यालय जबलपुर संलग्न कर दिया गया है।
संघ ने जिला विपणन अधिकारी को निर्देशित किया है कि श्री टेपे द्वारा की गई उक्त कटधारियों के लिए उनके विरुद्ध संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराकर प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराएं।
