शिखर मोहन को न्यूजीलैंड दौरे पर दो, चार दिवसीय मैचों के लिए इंडिया ए दल में किया गया शामिल

मुम्बई, 23 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले झारखंड के 21 वर्षीय बल्लेबाज शिखर मोहन को न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाले दूसरे और तीसरे चार दिवसीय मुकाबले के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। शिखर मोहन ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन करने के बाद मौजूदा सीजन में भी अपनी लय बरकरार रखी है। उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में अपने पहले ही सीजन में 55.73 की औसत से 613 रन बनाए थे। वर्तमान सीजन में वह 99 की औसत से दो मैचों में ही 297 रन बना चुके हैं। केरल के खिलाफ झारखंड के पहले रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उन्होंने 143 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी की मदद से झारखंड को पहली पारी में बढ़त हासिल करने में मदद मिली। इसके बाद महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने पहली पारी में 27 और दूसरी पारी में 127 रन बनाकर अपनी निरंतरता का परिचय दिया। दूसरी पारी में उनके शतक ने महाराष्ट्र को 6 अंक हासिल करने से रोक दिया।

रणजी ट्रॉफी में प्रदर्शन से पहले भी मोहन ने दूसरे घरेलू टूर्नामेंटों में अपनी छाप छोड़ी थी। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने ईस्ट जोन के लिए दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए। पहली पारी में उन्होंने 85 रन बनाए और इशान किशन के साथ 94 रन की अहम साझेदारी की। दूसरी पारी में भी शिखर ने 52 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया।
इसके बाद ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से खेलते हुए उन्होंने श्रीनगर की मुश्किल विकेट पर 60 रन की जुझारू पारी खेली। अलग-अलग घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार रन बनाने से मोहन ने चयनकर्ताओं के सामने अपनी दावेदारी मजबूत की है। न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए का पहला चार-दिवसीय मुकाबला 26 अक्तूबर से खेला जाएगा। दूसरा मैच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में होगा, जबकि तीसरा मुक़ाबला लिंकन में खेला जाएगा। दौरे का समापन 10 नवंबर को होगा। शिखर दूसरे और तीसरे मैच के लिए टीम से जुड़ेंगे। इंडिया ए टी: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, आक़िब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार, शिखर मोहन (दूसरे और तीसरे मैच के लिए)।

.....

Next Post

साथिया समागम: किशोर स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर चर्चा

Fri Oct 23 , 2026
भोपाल: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश द्वारा भोपाल में राज्य स्तरीय ‘साथिया समागम’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, कल्याण और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा ‘साथिया’ यानी पीयर एजुकेटर्स की भूमिका को अधिक सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम […]

You May Like