
बालाघाट, मध्य प्रदेश वुशु संघ द्वारा 25वीं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 18 सितंबर 2026 तक मार्शल आर्ट हॉल, टी.टी. नगर स्टेडियम भोपाल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी श्री राहुल बारेसा के मार्गदर्शन में जिला प्रशिक्षण केंद्र, मुलना स्टेडियम से बालाघाट जिले के 9 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। टीम का नेतृत्व कटंगी ब्लॉक युवा समन्वयक एवं प्रशिक्षक श्री संतोष पारधी तथा प्रशिक्षक श्री शुभम मनेश्वर कर रहे हैं। बालाघाट से चयनित खिलाड़ियों में हर्षिता गौतम, नैनी टेकाम, प्राची दीवान, अक्षरा पाचे, आदेश रजक, आर्यन राजदीप, कोमल मनेश्वर, शिवम बावनकर एवं पूर्व समिरित शामिल हैं। सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों के चयन पर जिला थांग-ता मार्शल आर्ट एसोसिएशन, कराते स्पोर्ट्स प्रशिक्षण एवं एजुकेशन एसोसिएशन, विभिन्न शिक्षण संस्थानों तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
