दिनदहाड़े नगर निगम के वाहन से हो रहा था डीजल चोरी, वीडियो वायरल

जबलपुर। शहर में चोरों के हौंसले अब इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें किसी का डर नहीं है और वे दिनदहाड़े नगर निगम के वाहन से डीजल चोरी करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया में गुरूवार दोपहर को गौर एकता मार्केट के पास का एक वीडियो व तस्वीर वायरल हुई जिसनें नगर निगम के सरकारी वाहनों में डीजल चोरी करने के तथ्य को बिल्कुल सत्य साबित किया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, कैसे बिना किसी डर के, सरेआम सड़क पर खड़ी नगर निगम की गाड़ी के फ्यूल टैंक से तेल निकाला जा रहा है। व्यस्त इलाका होने के बावजूद चोरों को न तो कानून का खौफ था और न ही पकड़े जाने का डर। वहीं स्थानीय लोगों और वीडियो देखने वालों का मानना है कि, बिना किसी विभागीय मिलीभगत या कर्मचारियों की लापरवाही के, इस तरह सरेआम सरकारी गाड़ी से तेल निकालना संभव नहीं है। डीजल चोरी की घटना सामने आने के बाद गौर क्षेत्र के रहवासियों में आक्रोश व्याप्त है और वे दो टूक कह रहे हैं कि जनता के टैक्स के पैसे से चलने वाले सरकारी वाहनों का इस तरह से दुरुपयोग और चोरी होना बेहद शर्मनाक है।

सरगना तक नहीं पहुंच सके हैं निगम के हाथ

नगर निगम के वाहनों से डीजल चोरी करने का ये पहला मामला सामने नहीं आया है इसके पहले भी कई नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा सांठगांठ कर डीजल चोरी किया जाता रहा है और निगम के खजाने में डाका डाला जाता रहा है। हैरानी की बात ये है कि आज तक डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर कोई लगाम निगम प्रशासन द्वारा नही कसी गई है। आलम ये है कि डीजल चोरी गैंग के सरगना का भी अभी निगम पता नहीं लगा सकी है जबकि मालूम सभी को है कि निगम के वाहनों में डीजल की हेरा फेरी चरम पर हो रही है।

क्या होगी कार्रवाई?

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि वीडियो वायरल होने के बाद क्या नगर निगम प्रशासन और स्थानीय पुलिस इन चोरों और लापरवाह कर्मचारियों पर कोई सख्त कार्रवाई करेगी? या फिर हर बार की तरह इस मामले को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?

Next Post

घड़ा फोड़ककर जताया आक्रोश, डॉ. विश्रोई के खिलाफ उग्र प्रदर्शन

Thu Jun 25 , 2026
जबलपुर। मालवीय चौक पर गुरूवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. आदर्श विश्नोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में वैक्सीन, भर्ती और जमीन जैसे कई बड़े घोटाले […]

You May Like