फरवरी में ही 31 पार हुआ तापमान, छूटने लगे पसीने

शाजापुर। जनवरी माह बीतते ही सर्दी का मौसम भी अंतिम दौर में पहुंच गया है. इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अभी फरवरी माह का दूसरा सप्ताह ही शुरू हुआ है और तापमान ने ऊंची छलांग लगा दी है. मंगलवार को नगर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री तक पहुंच गया, मौसम विभाग की माने तो अगले सप्ताह तापमान 35 या 40 डिग्री तक भी पहुंच सकता है.

हालांकि सुबह व सवेरे और सूरज ढलने के बाद जरूर सर्दी का एहसास हो रहा है, लेकिन दिन चढऩे के साथ ही लोगों के पसीने छूटने लगे हैं. हालात ये हैं कि लोगों को दिन में अब पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है. लेकिन शाम होते ही फिर लोगों को गर्म कपड़ों की याद आने लगती है. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि कुछ दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा. अगले सप्ताह से तापमान में और उछाल आएगा और रात व सुबह भी मौसम गर्म रहेगा, उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह से दिन का तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है. मंगलवार को भी नगर का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया.

सर्द हवाओं ने कराया सर्दी का एहसास

सुबह-सुबह सर्द हवाएं डेरा डाले हुए है जिससे लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है. सुबह जल्दी काम पर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े राहत दे रहे हैं. जिसके चलते सुबह और शाम हल्की सर्दी बनी हुई है, लेकिन कुछ दिनों बाद सुबह और शाम से भी सर्दी गायब हो जाएगी.

Next Post

जंगली जानवर ने हिरण का किया शिकार, छौना सुरक्षित

Tue Feb 10 , 2026
शाजापुर। जिले में जंगली जानवर की दहशत बनी हुई है और जंगल में मिल रहे हिरणों के शव ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहे हैं. मंगलवार को भी एक हिरण का शव सारंगपुर-सलसलाई रोड पर पड़ा मिला. हालांकि शिकार करते हुए जंगली जानवर को एक महिला ने जरूर देखा लेकिन वह […]

You May Like