मकरोनिया के दीनदयाल नगर में दर्दनाक हादसा, 6 साल की मासूम की मलबे में दबकर मौत

सागर। शनिवार सुबह सागर के मकरोनिया स्थित दीनदयाल नगर में ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के कमरे में निश्चिंत होकर सो रही 6 वर्षीय मासूम सृष्टि रैकवार को क्या पता था कि कुछ ही पलों में जर्जर छत का प्लास्टर उसकी जिंदगी छीन लेगा।अचानक छत का भारी प्लास्टर भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ा और मासूम मलबे में दब गई। परिजन और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।किसी तरह बच्ची को मलबे से बाहर निकालकर पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया,लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और नाना-नानी का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार,यह मकान बंडा निवासी कालीचरण वर्मा का है। मकान में बंटी रैकवार अपने परिवार के साथ पिछले करीब 9 वर्षों से किराए पर रह रहे थे। परिवार मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करता है। हादसे के समय सृष्टि कमरे में सो रही थी,तभी छत का प्लास्टर गिर गया।बता दे की नगर पालिका मकरोनिया ने मकान को जर्जर घोषित कर मकान मालिक को दो बार नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद न तो मकान खाली कराया गया और न ही उसे गिराया गया। हादसे के बाद नगर पालिका की कार्रवाई और मकान मालिक की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विधायक पहुंचे,हरसंभव मदद का दिया भरोसा

घटना की सूचना मिलते ही नरयावली विधायक प्रदीप लारिया मौके पर पहुंचे।उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।वही मकरोनिया थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।अब जांच के बाद यह तय होगा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।

Next Post

खरगे-राहुल ने वियतनाम नौका हादसे पर जताया शोक

Sat Jul 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के निकट भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नौका के पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से बचाव अभियान पर लगातार नजर […]

You May Like