पेरिस, 11 मार्च (वार्ता) जी-7 देशों के ऊर्जा मंत्रियों ने कहा है कि वे पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के साथ मिलकर “सभी जरूरी कदम” उठाने के लिए “पूरी तरह तैयार” हैं। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के कार्यकारी निदेशक के साथ 10 मार्च को हुई एक आभासी बैठक के बाद जी-7 देशों के मंत्रियों ने एक बयान में कहा “जी-7 के सदस्य देश इन चर्चाओं के दौरान दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करेंगे।” उन्होंने कहा, “सैद्धांतिक रूप से, हम इस स्थिति से निपटने के लिए सक्रिय कदम उठाने का समर्थन करते हैं, जिसमें रणनीतिक तेल भंडार का उपयोग भी शामिल है।
” उन्होंने यह भी कहा कि वे जी-7, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के सदस्य देशों और अन्य देशों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
बयान में आगे कहा गया, “हम अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के सदस्यों के साथ तालमेल बिठाकर सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार रहने पर सहमत हुए हैं।”
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के सदस्य देशों के पास वर्तमान में आपात स्थिति के लिए 1.2 अरब बैरल से अधिक का तेल भंडार है।इसके अलावा, सरकार के आदेशों के तहत उद्योगों के पास 60 करोड़ बैरल का अतिरिक्त भंडार भी मौजूद है।पेरिस स्थित अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का गठन 1973 के तेल संकट के बाद आपूर्ति में होने वाली बड़ी रुकावटों से निपटने के लिए किया गया था।

