
इंदौर। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में बच्चा गोद देने के नाम पर मासूम की सौदेबाज़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. सतर्क नागरिक रितेश व्यास की सूचना पर पुलिस ने 11 सदस्यीय गिरोह में से 9 को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो फरार हैं. रितेश की प्रमिला साहू और वंदना मकवाना से मुलाकात के बाद उसे संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचित किया.पुलिस ने योजना बनाकर 4 अगस्त को अग्रसेन चौराहे पर आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा. महिला सोनू वेद के पास करीब डेढ़ माह का नवजात बच्चा था, जिसकी डील 10 लाख में तय थी, पर जैविक मां को केवल 4 लाख देने की बात थी.जांच में गिरोह की जड़ें लुटेरी दुल्हन गैंग से जुड़ी पाई गईं.आरोपी महिलाओं ने विवाह का झांसा देकर ठगी की घटनाएं भी की थीं. गिरोह की सदस्य नीलम वर्मा एक आईवीएफ सेंटर में काम करती है और उसने अन्य सदस्यों को जोड़ा था. एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि सभी आरोपियों पर मानव तस्करी और संगठित अपराध की धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है.
