
उज्जैन। जमीन विवाद में 3 अगस्त को महिदपुर के ग्राम आमातलाई में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई और उसके 2 पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। हत्या में मुख्य आरोपी की पत्नी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
महिदपुर थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार ने बताया कि 3 अगस्त की शाम ग्राम आमातलाई ढाबाला वैणी में भूरालाल पिता डालू बंजारा 40 साल की हत्या हो गई है। चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया था। वहीं मृतक के पुत्र ने मजदूरी से लौटने के बाद पिता की हत्या का मामला दर्ज कराकर हत्या में पिता के बड़े भाई प्रकाश बंजारा, उसके 2 पुत्र पप्पू बंजारा, पवन बंजारा और पत्नी कलाबाई शामिल होने की बात कहीं थी। पुत्र ने जमीन बंटवारे और रुपए के लेनदेन का विवाद होना बताया था। पुलिस ने मामले में चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। 3 दिन बाद सूचना मिलने पर प्रकाश उसके दोनों पुत्रों को कटन तिराहा से हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में तीनों ने सब्बल, पत्थर और डंडे से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने हथियार बरामद कर तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में हत्या के मुख्य आरोपी प्रकाश बंजारा की पत्नी है, जिसकी तलाश जारी है।
