नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए रवि ब्रदर्स को 102 रन से पराजित कर प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 214 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान समर्थ सेठ ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 49 गेंदों में 72 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं स्वास्तिक चिकारा ने शानदार 48 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। रवि ब्रदर्स की ओर से जयंत खोरवाल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा मयंक गुसाईं, लक्ष्मण, देव कश्यप और विवान जिंदल ने एक-एक विकेट लिया।
215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवि ब्रदर्स की टीम कोलाज स्पोर्ट्स क्लब की अनुशासित गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 15.5 ओवर में 112 रन पर ऑल आउट हो गई। शौर्य वीर सिंह ने सर्वाधिक 28 रन, विकेटकीपर विशाल ने 25 रन तथा सुपर सब्स्टीट्यूट आयुष दोसेजा ने 22 रन का योगदान दिया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी।
गेंदबाजी में अरुण चपराना ने मैच विजेता प्रदर्शन करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनका अच्छा साथ तेजस बारोका (2/20) ने निभाया, जबकि रागनेश दादर, दीपक पुनिया, अजीत और मनीष सहरावत ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। हार के बावजूद जयंत खोरवाल ने अपनी जुझारू गेंदबाजी से प्रभावित किया और उन्हें फाइटर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) की ओर से डीडीसीए निदेशक विकास कात्याल एवं सोसायटी सदस्य शुभ शर्मा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मैन ऑफ द मैच: अरुण चपराना।
फाइटर ऑफ द मैच: जयंत खोरवाल।
