ईस्ट दिल्ली राइडर्स रोमांचक जीत के साथ सेमीफाइनल में

नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार जुझारूपन का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली वंडर्स क्लब को 2 विकेट से हराकर प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। नॉकआउट चरण का यह मुकाबला अंत तक रोमांच से भरपूर रहा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली वंडर्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट पर 263 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रियांशु पांडेय ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 136 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। गगन वत्स ने 59 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि हर्ष त्यागी ने 33 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.5 ओवरों में 8 विकेट खोकर 266 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वंश मेहरा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 9 छक्के शामिल थे। सुजल सिंह ने 78 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अजय यादव ने नाबाद 35 रन बनाकर टीम को यादगार जीत दिलाई।

दिल्ली वंडर्स की ओर से गेंदबाजी में प्रशांत भाटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। हर्ष त्यागी ने 2 विकेट चटकाए, जबकि बॉबी यादव, दक्ष चंदेल और सत्यम ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। वहीं, ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से लवनीश चंदेल और जसमीत नैन ने महत्वपूर्ण सफलताएं अर्जित कर दिल्ली वंडर्स पर दबाव बनाए रखा।

गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के कोषाध्यक्ष मुकुल शर्मा एवं सदस्य मनीष सहगल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

मैन ऑफ द मैच: वंश मेहरा – 27 गेंदों में विस्फोटक 80 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए।

फाइटर ऑफ द मैच:प्रियांशु पांडेय – दिल्ली वंडर्स क्लब के लिए 62 गेंदों में शानदार 136 रन की संघर्षपूर्ण और यादगार पारी के लिए।

 

Next Post

कोलाज स्पोर्ट्स क्लब रवि ब्रदर्स को 102 रन से हराकर सेमीफाइनल में

Fri Jun 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए रवि ब्रदर्स को 102 रन से पराजित कर प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के सेमीफाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलाज स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों […]

You May Like